चंडीगढ़ में युवती की लाश मिलने पर हंगामा, पुलिस और परिजनों के बीच झड़प, हत्या का जड़ा आरोप
सेक्टर-10 में रिटायर्ड अधिकारी की कोठी में मिला शव; पुलिस और परिजनों के बीच झड़प, हत्या का जड़ा आरोप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में रिटायर्ड अधिकारी की कोठी में युवती की लाश मिलने के मामले में परिजनों ने हंगामा कर दिया। रविवार को पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल में ले जा रही थी। इसी दौरान परिवार ने हत्या के आरोप लगाते हुए रोकने की कोशिश की। इसी बात पर पुलिस और परिवार के बीच झड़प हो गई थी। परिजनों ने कहा कि बेटी को मारकर टांग दिया गया। उन्होंने कहा कि युवती की मौत की सूचना उन्हें देरी से दी गई थी। जब वह सेक्टर-10 स्थित कोठी पर पहुंचे तो उन्हें बेटी को देखने भी नहीं दिया गया। इससे पहले ही पुलिस उसकी बॉडी को सेक्टर-16 अस्पताल ले गई थी। जिस कमरे में शव मिला था, वह कमरा भी उन्हें नहीं देखने दिया गया। शनिवार को 18 वर्षीय युवती ताप्ती की कोठी में लाश मिली थी। यह कोठी गुजरात पुलिस विभाग से रिटायर अधिकारी गुरिंदर सिंह की है। वहीं, राहुल ने कहा कि मेरी बड़ी सिस्टर से रात 11:30 बजे 2 मिनट के लिए बात हुई थी। उसने बताया कि यहां पर काम ज्यादा है और परेशान भी ज्यादा करते हैं।
इसके बाद उसने कहा कि सुबह जल्दी उठना है और यह कहकर फोन काट दिया। रात को ही उसका गला काट दिया गया, क्योंकि हमारे पहुंचने से पहले ही वहां पुलिस आ चुकी थी। वहां कुछ पुलिस वाले बैठकर चाय-कॉफी पी रहे थे। हमें बॉडी भी नहीं दिखाई गई और उसे सीधे सेक्टर-16 अस्पताल लेकर आ गए। हमें करीब एक घंटे बाद फोन किया गया। मृतका के बड़े भाई राहुल ने बताया कि बहन पहले गांव हरदोई, उत्तर प्रदेश में रहती थी। वह कुछ दिन पहले ही चंडीगढ़ आई थी। उसने एक सप्ताह पहले ही इस कोठी में नौकरी शुरू की थी। कोठी मालिक की तरफ से उसे 12 हजार रुपए महीने की तनख्वाह देने की बात कही गई थी। वहीं, परिवार का आरोप है कि बेटी की मौत को 24 घंटे से अधिक का समय हो जाने के बाद भी कोठी मालिकों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। न ही कोठी का कोई मालिक उनसे मिलने आया है। परिवार का कहना है कि ऐसी स्थिति में कोठी मालिकों की नैतिक जिम्मेदारी थी कि वे परिवार से बातचीत करते।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

