बेटी की मौत पर हंगामा…मायके वालों ने किया प्रदर्शन

By: Jul 10th, 2026 12:51 am

चताड़ा में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा, दहेज प्रताडऩा और मारपीट का लगाया आरोप, मांगा इनसाफ
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना पुलिस थाना क्षेत्र के तहत चताड़ा क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताडऩा, मारपीट और जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, घटना के बाद गुरुवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पीडि़त महिला की शादी वर्ष 2017 में चताड़ा निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। अब महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को मृतक महिला का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम किया जा रहा था। इस दौरान वहां पहुंचे मायके पक्ष ने अपनी बेटी की मौत पर जमकर प्रदर्शन किया। मृतका की मां कमलजीत ने आरोप लगाया कि शादी के समय कार देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के पति की ओर से बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी। बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था। कुछ दिन पहले उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई। मारपीट के बाद उसकी बेटी के शरीर पर चोटों के निशान थे। मां ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद बेटी को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App