होर्मुज पर जहाजों से शुल्क लेगा अमरीका, डोनाल्ड ट्रंप बोले, जल मार्ग पर सुरक्षा के बदले वसूला जाएगा पैसा

By: Jul 14th, 2026 12:01 am

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और तेल आपूर्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमरीका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा और इसके बदले उसे पेमेंट दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमरीका लंबे समय से इस अहम समुद्री मार्ग की सुरक्षा में भूमिका निभाता रहा है, इसलिए उसकी इस जिम्मेदारी की भरपाई भी होनी चाहिए। ट्रंप ने ईरान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बहुत बुरे लोग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरीका और ईरान के बीच एक समझौता हुआ था, लेकिन ईरान ने उसे तोड़ दिया। ट्रंप ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पूरी तरह अमरीका का नियंत्रण है। यह सबके लिए खुला है और उस पर आवाजाही जारी है। उन्होंने कहा कि अगर अमरीका इस महत्त्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा करता है, तो इसके लिए उसे उचित भुगतान मिलना चाहिए। उधर, ईरान की शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान ने अमरीका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन में किसी भी तरह का अमरीकी हस्तक्षेप स्वीकार नहीं करेगा।

सैन्य कमान ने कहा कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर ईरान की अनुमति के बिना अमरीका की किसी भी आवाजाही का कड़ा जवाब दिया जाएगा। ईरान ने क्षेत्र के देशों को भी चेतावनी दी है कि यदि किसी देश ने इस मुद्दे पर अमरीका के साथ सहयोग किया, तो उसे ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल माना जाएगा। उधर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गाड्र्स कोर (आईआरजीसी) ने दक्षिणी ईरान पर रविवार रात हुए अमरीकी हवाई हमलों के जवाब में सोमवार तडक़े जॉर्डन, बहरीन और कुवैत स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि अमरीका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर कथित हमलों को आधार बनाकर दक्षिणी ईरान में कई स्थानों पर हवाई हमले किए, जिसके जवाब में यह कार्रवाई की गई। इसी बीच, ब्रिटिश सरकार ने ईरान की सबसे ताकतवर सैन्य शाखा ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्र्स’ (आईआरजीसी) को आधिकारिक तौर पर एक आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App