जलभराव और बदहाल सडक़ पर ग्रामीण उग्र

By: Jul 28th, 2026 12:01 am

जनकौर और पेखूबेला क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मांगा समस्या का स्थायी हल

नगर संवाददाता-ऊना
जनकौर और पेखूबेला क्षेत्र में जलभराव तथा सडक़ की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया है। सोमवार को ग्रामीणों ने बीडीसी सदस्य ई. बलवीर चौधरी के नेतृत्व में एसडीएम ऊना को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। बलबीर चौधरी ने कहा कि पेखूबेला से नंगड़ा तक मुख्य मार्ग का लंबे समय से समुचित रखरखाव नहीं किया गया है। सडक़ किनारे जल निकासी व्यवस्था बाधित होने के कारण जनकौर और पेखूबेला में जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर पुलियों के आगे दीवारें और मिट्टी डालने से पानी की निकासी रुक गई है। इसके कारण ड्रेनों में पानी जमा हो रहा है, जिससे खेतों और घरों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है।

जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बंद पड़ी पुलियों को तत्काल खुलवाया जाए, ड्रेनों की सफाई करवाई जाए तथा पेऊ बेला से नंगड़ा तक सडक़ और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और बरसात के दौरान किसी प्रकार का नुकसान हुआ तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। इस दौरान मुकेश कुमार, विजय कुमार, सोमनाथ, राकेश कुमार, बलविंदर कुमार, शमशेर सिंह, मोता सिंह, कुलवंत सिंह, राजेंद्र पाल, विशाल कुमार, लखविंदर सिंह, सिद्धार्थ कुमार, मक्खन लाल, रानी देवी, साक्षी, नीलम रानी, रीना देवी, रीतु देवी, पूजा देवी, प्रिया देवी, बेबी देवी, ममता देवी शामिल रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App