बारिश से सडक़ों पर ओवरफ्लो हुआ पानी

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

नदी-नालों में भी दिखा उफान, रोड पर राहगीरों और गाड़ी चालकों को आई दिक्कतें

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
बुधवार को हुई जोरदार बारिश ने जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कुछ ही देर में हुई तेज बरसात के कारण शहर की कई सडक़ों पर जलभराव की स्थिति बन गई। छोटे नाले और बरसाती खड्डें उफान पर आ गईं, जिससे उनका पानी सडक़ों पर बहने लगा। कई स्थानों पर नालियों का पानी भी ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्गों पर पहुंच गया, जिसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान कई लोग भीगने से बचने के लिए रैन शेल्टरों, दुकानों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रुकने को मजबूर हो गए। बारिश इस मानसून सीजन की सबसे तेज बरसातों में शामिल रही।

हालांकि बारिश का दौर अधिक समय तक नहीं चला, लेकिन कम समय में हुई तेज वर्षा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। जिन क्षेत्रों में पहले से नालियों की सफाई नहीं हुई थी, वहां पानी तेजी से सडक़ों पर जमा हो गया। कई जगहों पर नालियों में कूड़ा और मिट्टी जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित रही और वह सडक़ पर बहता दिखाई दिया। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ी। सडक़ पर बहते पानी के कारण कई स्थानों पर गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पा रहा था, जिससे वाहन चालक बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ते नजर आए। कुछ स्थानों पर पानी का बहाव अधिक होने के कारण लोगों ने वाहन रोककर बारिश कम होने का इंतजार किया। पैदल चलने वाले लोगों को भी जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी असुविधा हुई। खरीदारी के लिए निकले लोग और कार्यालयों से लौट रहे कर्मचारी अचानक हुई बारिश से बचने के लिए दुकानों की छतों और रैन शेल्टरों में खड़े हो गए। कई दुकानदारों को भी जमा पानी निकालना पड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App