पंचायत को कब मिलेगा मंदिर का प्रबंधन

By: Jul 14th, 2026 12:02 am

पीरनिगाह मंदिर के संचालन के लिए डीसी से मिले ग्राम पंचायत बसोली के लोग, नाराजगी जताई

नगर संवाददाता-ऊना
उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर के संचालन अधिकार को लेकर ग्राम पंचायत बसोली और स्थानीय लोगों का इंतजार अब नाराजगी में बदलने लगा है। पंचायत चुनाव संपन्न होने, नई पंचायत के कार्यभार संभालने और चुनाव आचार संहिता समाप्त हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मंदिर का प्रबंधन पंचायत को वापस नहीं सौंपा गया है। इसको लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की। ग्राम पंचायत बसोली के उपप्रधान नरेंद्र पाल और पूर्व प्रधान शशि देवी ने कहा कि पीरनिगाह मंदिर का संचालन वर्षों से पंचायत करती रही है।

पंचायत का कार्यकाल समाप्त होने और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में देरी के चलते प्रशासन ने अस्थायी रूप से मंदिर के संचालन के लिए प्रशासक नियुक्त किया था। अब नई पंचायत विधिवत कार्यभार संभाल चुकी है और चुनाव आचार संहिता भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में मंदिर का संचालन अधिकार पंचायत को वापस सौंपा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर से होने वाली आय का उपयोग पंचायत क्षेत्र में जनकल्याण और विकास कार्यों पर किया जाता रहा है। इसी राशि से बेसहारा लोगों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को पेंशन, मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गांव में स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और अन्य विकास कार्य संचालित किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर का संचालन पंचायत को नहीं मिलने से इन कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ा है। कई योजनाएं रुकी हुई हैं और पंचायत के सामने विकास कार्यों को गति देने में परेशानी आ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी दो बार प्रशासन के समक्ष मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App