देवताओं के आशीर्वाद से लंबी पारी खेलूंगा, CM का दावा, बोले, आपदा प्रभावितों को दिया देश का सबसे बड़ा पैकेज
धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा दावा; बोले, सरकार ने आपदा प्रभावितों को दिया देश का सबसे बड़ा पैकेज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक ओर जहां आपदा प्रभावितों के लिए देश का सबसे बड़ा राहत पैकेज घोषित कर जनता को बड़ी राहत दी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर अब तक का सबसे बड़ा और आक्रामक राजनीतिक हमला बोला है। बोह हादसे के प्रभावित परिवारों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने एक तीर से कई निशाने साधे। अपनी सरकार की स्थिरता पर उठ रहे सवालों को सिरे से खारिज करते हुए सीएम सुक्खू ने आत्मविश्वास के साथ ऐलान किया कि उन्हें देवभूमि के देवी-देवताओं ने किसी छोटे-मोटे कार्यकाल के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय तक प्रदेशवासियों की सेवा के लिए चुना है। उनके इस देव-आशीर्वाद वाले दावे और पिछली भाजपा सरकार के कथित घोटालों पर श्वेत पत्र लाने की घोषणा से प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा हो गई है। धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से आपदा राहत पैकेज में 50 हजार रुपए की बढ़ोतरी की घोषणा की।
अब पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के निर्माण के लिए सात लाख की बजाय 7.5 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त घर के बरतन, पलंग और बच्चों की किताबें खरीदने के लिए एक लाख रुपए की अलग से सहायता मिलेगी, जिससे प्रभावितों को कुल 8.5 लाख रुपए की मदद प्राप्त होगी। इसके अलावा गाय की मृत्यु पर 55 हजार और भेड़-बकरी की मृत्यु पर 15 हजार रुपए दिए जाएंगे। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त दुकानों के लिए एक लाख तथा बह चुकी दो कनाल कृषि भूमि के लिए 10 हजार रुपए की राहत राशि तय की गई है। सीएम ने दावा किया कि यह पूरे देश में सबसे बड़ा राहत पैकेज है।
सरकार के काम देख भाजपा के खेमे में मचेगी खलबली
राज्य सरकार की स्थिरता को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर तीखा तंज कसते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार जिस तेजी और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा के कार्य कर रही है, उसे देखकर आने वाले समय में भाजपा के खेमे में भारी खलबली मचना तय है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे सत्ता में महज कुछ समय गुजारने के लिए नहीं, बल्कि एक लंबी, स्थिर और प्रभावी पारी खेलने आए हैं।
कांग्रेस को बिके हुए लोगों की जरूरत नहीं
सीएम ने कहा कि अभी भी जो लोग भाजपा में जाना चाहते हैं, वे चले जाएं, कांग्रेस को बिके हुए लोगों की जरूरत नहीं हैं। विधायकों के दल-बदल और राजनीतिक अस्थिरता के सवाल पर उन्होंने दोटूक कहा कि जो लोग राजनीतिक सौदेबाजी करना चाहते हैं, वे जाने के लिए स्वतंत्र हैं। कांग्रेस किसी भी बिकी हुई राजनीति और भ्रष्ट लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा को नसीहत दी कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले विपक्ष अपने बिखरे हुए गुटों को एकजुट करे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

