पैर फिसला…खाई में गिरने से महिला गई जान
अगाहर गांव में हादसा, पशु चराकर लौट रही थी घर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जिला चंबा की ग्राम पंचायत घलूण के अगाहर गांव में ढांक से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान निमो देवी पत्नी अशोक कुमार निवासी अगाहर के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, निमो देवी बुधवार शाम पशुओं को चराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में जा गिरीं। घटना को देख आसपास के लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा महिला को ढांक से निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कालेज चंबा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

