एनएच-5 पर लैंड स्लाइड प्वाइंट्स से मलबा हटाने का काम तेज

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

यातायात सुचारू रखने में जुटी एनएचएआई, सडक़ किनारे बनी नालियों की भी की जा रही सफाई

निजी संवाददाता-सोलन
हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर विभिन्न स्थानों पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। एनएचएआई के कर्मचारी और मशीनें दिनभर प्रभावित स्थानों पर सफाई अभियान में जुटी रहीं। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से सडक़ पर जमा मलबा हटाकर यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

बारिश के कारण सोलन जिले में एनएच-5 के कई हिस्सों में पहाडिय़ों से मलबा और पत्थर सडक़ पर आ गए थे। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ स्थानों पर जाम जैसी स्थिति भी बनी। सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने सडक़ से पत्थर मिट्टी और अन्य मलबा हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाने का काम किया। सफाई अभियान के दौरान सडक़ किनारे बनी नालियों की भी सफाई की जा रही है, ताकि वर्षा का पानी आसानी से निकल सके और दोबारा मलबा जमा होने की संभावना कम हो। एनएचएआई की टीम लगातार संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए हुए है और जहां भी आवश्यकता पड़ रही है वहां मशीनों और कर्मचारियों को तुरंत भेजा जा रहा है।

गाड़ी सावधानीपूर्वक चलाए चालक

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनंत दहिया ने बताया कि बारिश के बाद जिन-जिन स्थानों पर मलबा गिरा था, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य कराया जा रहा है। एनएचएआई की टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मशीनरी व कर्मचारी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और संवेदनशील स्थानों पर गति धीमी रखें। यदि कहीं सडक़ पर मलबा या अन्य समस्या दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App