विश्व रिकॉर्ड बना नशामुक्त भारत का संदेश, अकाल अकादमी के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास

By: Jul 22nd, 2026 12:54 pm

मुकेश संगर – चंडीगढ़

पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 121 अकाल अकादमी स्कूलों के 15,024 से अधिक विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत का संदेश देकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। विद्यार्थियों ने एक साथ अपने-अपने स्कूल परिसरों में ‘वीआर ड्रग फ्री’ की मानव आकृति (ह्यूमन फॉर्मेशन) बनाकर दि कलगीधर ट्रस्ट, बडू साहिब को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन की तीसरी मान्यता दिलाई।

अकाल अकादमी बरू साहिब के प्रधानाचार्य कपिल तलवार ने यहां चंडीगढ़ में बताया कि उन्हें गर्व है कि उनके विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि में भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने साबित कर दिया है कि युवा पीढ़ी नशामुक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत बन सकती है। यह विश्व रिकॉर्ड 26 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर बनाया गया। इस दौरान सभी 121 अकाल अकादमी स्कूलों के विद्यार्थियों ने एक ही समय पर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले स्थित अकाल अकादमी बरू साहिब ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के 185 विद्यार्थियों ने इस अभियान में भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाने में अपना योगदान दिया।

दि कलगीधर ट्रस्ट के अनुसार यह अभियान बाबा इकबाल सिंह जी की उस दूरदर्शी सोच को साकार करता है, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया गया है। ट्रस्ट अपने अकाल अकादमी स्कूलों के माध्यम से युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और नशामुक्त भारत के अभियान से जुड़ने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। दि कलगीधर ट्रस्ट ने बताया कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का प्रमाण-पत्र सभी 121 अकाल अकादमी स्कूलों में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि यह विद्यार्थियों की नशामुक्त भारत के प्रति प्रतिबद्धता का स्थायी प्रतीक बने। ट्रस्ट भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियान आयोजित करता रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App