ZEE Cinema पर 5 जुलाई को अनुष्का शेट्टी की फिल्म का वल्र्ड टेलीविजन प्रीमियर
मुंबई। अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी की एक्शन ड्रामा फिल्म शीलावती दि घाटी क्वीन का वल्र्ड टेलीविजन प्रीमियर रविवार, पांच जुलाई को रात आठ बजे जी सिनेमा पर होगा। साहस, बदले और इंसाफ की कहानी पर आधारित यह फिल्म दमदार एक्शन और भावनात्मक घटनाक्रम के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेगी। निर्देशक कृष जगरलामुडी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनुष्का शेट्टी अपने करियर के सबसे दमदार किरदारों में से एक शीलावती की भूमिका निभा रही हैं। मजबूत महिला किरदारों को पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से निभाने के लिए पहचानी जाने वाली अनुष्का इस फिल्म में साहस, गुस्से और संवेदनाओं से भरपूर एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जो अन्याय के खिलाफ डटकर खड़ा होता है।
फिल्म में उनके साथ विक्रम प्रभु, जगपति बाबू और चैतन्य राव मडाडी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी आंध्र प्रदेश और ओडिशा की सीमा पर स्थित ईस्टर्न घाट के बीहड़ इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। शीलावती एक साधारण सामान ढोने वाली महिला है, जिसकी जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है, जब उसके बचपन के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। इस घटना के बाद वह दुख और न्याय की चाह से प्रेरित होकर एक निडर योद्धा का रूप धारण कर लेती है और अपने दुश्मनों से हर हाल में बदला लेने की राह पर निकल पड़ती है। हालांकि, इस संघर्ष के दौरान उसे कई कठिन चुनौतियों और भावनात्मक परीक्षाओं का सामना भी करना पड़ता है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म में दमदार एक्शन, भावनात्मक गहराई और रोमांचक घटनाक्रम का संतुलित मिश्रण है, जो दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखेगा। यह फिल्म एक ऐसी महिला की कहानी है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी न्याय के लिए संघर्ष करने से पीछे नहीं हटती।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

