वाह! नया बिजली का खंभा लगा, पुराना छोड़ दिया
सोलन में जर्जर बिजली का खंभा बना हादसे का डर, स्टील एंगल के सहारे टिका; लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में विकास कार्यों के बीच लापरवाही की तस्वीर भी सामने आ रही है। शहर में नया बिजली का खंभा तो स्थापित कर दिया गया है, लेकिन उसके साथ खड़ा पुराना और जर्जर खंभा अब भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। पुराने खंभे की हालत इतनी खराब है कि उसे हटाने के बजाय स्टील एंगल का सहारा देकर खड़ा कर दिया गया है। यह खंभा फुटपाथ के बीचों-बीच स्थित है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को रोजाना परेशानी और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नया खंभा लगाने के बाद पुराने खंभे को तुरंत हटाया जाना चाहिए था, ताकि फुटपाथ पूरी तरह सुरक्षित रह सके। जर्जर खंभे के कारण बरसात और तेज हवाओं के दौरान गिरने का खतरा बना हुआ है।
ऐसे में यहां से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों के अनुसार खंभे ने फुटपाथ का एक हिस्सा घेर रखा है, जिसके चलते कई बार लोगों को सडक़ की ओर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस पुराने खंभे को जल्द हटाकर समस्या का समाधान किया जाए। उनका कहना है कि किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा कदम उठाना जरूरी है। नागरिकों ने कहा कि शहर में नए निर्माण के साथ-साथ पुराने और जर्जर ढांचों को हटाने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय लोगों ने हटाने की उठाई मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि फुटपाथ के बीच खड़े आधे झुके पुराने बिजली के खंभे को तत्काल हटाया जाए। इसके अलावा शहर में लगे सभी पुराने और जर्जर बिजली के खंभों का सर्वे कर उनकी सुरक्षा जांच की जाए। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अपील की है कि हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

