नगर पंचायत संगड़ाह को मिली 8.78 लाख की ग्रांट

By: Aug 18th, 2026 12:01 am

विजट महाराज हरियाली मेले के समापन पर विधायक विनय कुमार ने किया नपं कार्यालय का उद्घाटन

निजी संवाददाता-संगड़ाह
संगड़ाह में आयोजित तीन दिवसीय विजट महाराज हरियाली मेले का समापन रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। इनके माध्यम से संस्कृति और परंपराएं एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। विधायक ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का हरिपुरधार में सिविल अस्पताल खोलने के लिए आभार जताते हुए कहा कि जल्द ही अस्पताल में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य आवश्यक पद भरे जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

इससे पहले विनय कुमार ने नगर पंचायत संगड़ाह के कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी तथा सडक़, पेयजल, जल निकासी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के लिए करीब 8.78 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है। उन्होंने अगले वर्ष हरियाली मेले के लिए मैदान और मंच तैयार करने की घोषणा की। साथ ही टिकरी गांव के लिए सडक़ की फिटनेस रिपोर्ट जारी करने के निर्देश दिए, ताकि एचआरटीसी बस सेवा शुरू हो सके। विधायक ने संगड़ाह में डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की बात भी कही। मेले के दौरान समिति अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने विधायक को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम सुनील कायथ, बीडीओ भारतेंदु पाल, कांग्रेस नेता मित्र सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App