बैंक ऑफ बड़ौदा में निकली 2,482 वैकेंसी, 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होगी नियुक्ति

By: Aug 31st, 2026 9:59 pm

स्टाफ रिपोर्टर— शिमला

बैंक ऑफ बड़ौदा ने देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 2,482 स्थानीय बैंक अधिकारियों की नियमित आधार पर भर्ती की घोषणा की है। भर्ती कनिष्ठ प्रबंधन वेतनमान/संवर्ग-1 में की जाएगी। पात्र अभ्यर्थी सात सितंबर तक बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती पहल में गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा समेत कई राज्य शामिल हैं। भर्ती की खास बात यह है कि चयनित अधिकारियों को उनके द्वारा आवेदन किए गए राज्य में शुरुआती 12 वर्षों तक या संवर्ग-4 में पदोन्नति होने तक, जो भी पहले हो, वहीं तैनात किया जाएगा। इससे बैंक को स्थानीय भाषा, संस्कृति और बाजार की बेहतर समझ रखने वाला कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने कहा कि यह भर्ती अभियान केवल बैंक के कार्यबल में निवेश नहीं है, बल्कि उन समुदायों और स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं में भी निवेश है, जिनकी बैंक सेवा करता है। स्थानीय भाषाओं और परिवेश की समझ रखने वाले युवा बैंकिंग पेशेवरों की नियुक्ति से ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुसार बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को अपने राज्यों के आर्थिक विकास में योगदान देने के साथ बेहतर करियर बनाने का अवसर भी प्रदान करेगी। बैंक के अनुसार, स्थानीय स्तर पर मजबूत कार्यबल से ग्राहक संबंधों को बेहतर बनाने और बैंक की क्षेत्रीय उपस्थिति को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।

एक साल का बैंकिंग अनुभव जरूरी

स्थानीय बैंक अधिकारी पद के लिए अभ्यर्थी की आयु पहली अगस्त, 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक की द्वितीय अनुसूची में सूचीबद्ध किसी अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक में अधिकारी के तौर पर कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव भी जरूरी है। जिस राज्य के लिए अभ्यर्थी आवेदन करेगा, वहां की स्थानीय भाषा को पढऩे, लिखने, बोलने और समझने में दक्षता भी अनिवार्य होगी। पात्र अभ्यर्थी सात सितंबर तक बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App