शीतलपुर रोड पर निकासी बदहाल, सडक़ पर पानी
बंद नालियों और जमा मलबे से बढ़ी परेशानी, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही दिक्कत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
बद्दी के शीतलपुर रोड पर बदहाल जलनिकासी व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सडक़ के दोनों ओर बनी नालियां कई स्थानों पर बंद हैं। बरसात से पहले नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय पर सफाई नहीं हो सकी। इसके चलते बारिश के साथ घरों और दुकानों का पानी भी सडक़ पर जमा हो रहा है। बद्दी-शीतलपुर मार्ग आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों और रिहायशी कॉलोनियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सडक़ है। पानी और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना मुश्किल हो रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन का खतरा बना हुआ है।
लगातार पानी बहने से सडक़ की सतह भी खराब हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग ने सडक़ किनारे नालियों का निर्माण करवाया था, लेकिन बाद में कई स्थानों पर इन्हें ढक दिया गया। नियमित सफाई न होने से मिट्टी, कचरा और मलबा जमा हो गया है। रोड सेफ्टी क्लब के उपाध्यक्ष चिंतन कुमार चौधरी ने विभाग से नालियों की तत्काल सफाई करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध लेबर से बंद नालियों को खुलवाकर जलनिकासी सुचारू की जा सकती है। स्थानीय लोगों ने शीतलपुर रोड सहित अन्य मार्गों की नालियों की सफाई करवाने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
