समस्याओं को लेकर पहाड़ी शिवालिक संगठन ने सौंपा ज्ञापन
चौगान युवाओं को उपलब्ध करवाने, आवारा पशुओं पर रोक और मेडिकल कालेज में रेडियोलॉजी स्टाफ बढ़ाने की मांग
कार्यालय संवाददाता-नाहन
नाहन शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पहाड़ी शिवालिक जनकल्याण संगठन ने सोमवार को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा को ज्ञापन सौंपा। संगठन अध्यक्ष हेमचंद उर्फ योगी ठाकुर की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने शहर की प्रमुख समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। संगठन ने कहा कि ऐतिहासिक चौगान मैदान का इस्तेमाल रियासतकाल से खेल गतिविधियों के लिए होता रहा है। वर्तमान में चौगान और चंबा मैदान भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। संगठन के अनुसार लंबे समय बाद भर्तियां आयोजित हो रही हैं और युवा ग्राउंड टेस्ट की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन चौगान मैदान को आगामी एक माह के लिए विभिन्न आयोजनों और मेलों के लिए बुक किए जाने से युवाओं की तैयारियां प्रभावित होंगी। संगठन ने मैदान को खेल गतिविधियों के लिए प्राथमिकता देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने नाहन बाजार में आवारा पशुओं की समस्या और प्रतिबंधित समय में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी चिंता जताई। उन्होंने बाजारों में आवारा पशुओं पर नियंत्रण तथा निर्धारित समय में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर सख्ती की मांग की। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज नाहन में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की सुविधाओं को सुचारू करने की मांग उठाई गई। संगठन ने कहा कि रेडियोलॉजी विभाग में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। उन्होंने रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
