क्योरटेक ग्रुप के एमडी सुमित सिंगला को ‘स्वास्थ्य उद्योग रत्न’ सम्मान

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में प्रदान किया पुरस्कार, दवा निर्माण में गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए मिला सम्मान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
देश के प्रमुख फार्मा उद्योग क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला को दवा निर्माण के क्षेत्र में गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए ‘स्वास्थ्य उद्योग रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप द्वारा शिमला में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह सम्मान प्रदान किया। सुमित सिंगला की ओर से उनके पुत्र युवराज सिंगला ने पुरस्कार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने युवराज सिंगला को हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र को फार्मा हब के रूप में पहचान दिलाने में यहां के दवा उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

क्योरटेक ग्रुप जैसे उद्योगों ने दवा निर्माण में गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और उत्कृष्ट अनुसंधान को प्राथमिकता देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने वाले प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है। निजी क्षेत्र, विशेषकर दवा निर्माण क्षेत्र, हजारों युवाओं को रोजगार देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों द्वारा बड़े स्तर पर निवेश करने के साथ आधुनिक तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने से राज्य के औद्योगिक विकास को भी गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों और उद्यमियों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने से अन्य उद्योगों में भी बेहतर कार्य और विकास की भावना पैदा होती है। इससे प्रदेश में नए निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे कई महत्वपूर्ण निर्णयों के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में जनता के सामने होंगे। इस दौरान ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप के प्रधान संपादक अनिल सोनी सहित मीडिया ग्रुप के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App