जिला में बारिश के चलते 14 सडक़ें बंद

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

लोक निर्माण विभाग को एक दिन में साढ़े नौ करोड़ की चपत, विभाग का आंकड़ा पहुंचा 65 करोड़ के करीब

स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
बरसात के इस मौसम मंगलवार सुबह व रात को हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। आलम यह है कि मंगलवार सुबह हुई बारिश का क्रम जारी रहा और यह बारिश रात भर यूं ही चलती रही। इस बारिश के चलते जिला के विभिन्न हिस्सों में 14 मार्ग बंद हुए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, मार्गों के बंद होने का असर बस रूटों पर भी पड़ा है। भारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को भी खासी चपत लगी है और एक ही दिन में विभाग को करीब साढ़े 9 करोड़ रुपए की चपत लगी है। इस नुकसान को मिलाकर विभाग का आंकड़ा 65 करोड़ के करीब पहुंच गया है। सोलन जिला में वैसे तो पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी था, लेकिन मंगलवार को दिनभर और रात को हुई बारिश से मानसून ने अपनी मौजूदगी का अहसास करा दिया है। बारिश से जिला के 14 मार्ग अवरूद्ध हुए, जिन्हें बहाल करने के लिए दिनभर विभाग की टीमें मशीनरी के साथ डटी रहीं और इन्हें खोलने का कार्य जारी रहा। कहीं डंगा गिरने, कहीं भूस्खलन होने या फिर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। इस बारिश का सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को झेलना पड़ा है और अब तक के आंकड़ों के अनुसार इस बरसात के सीजन में विभाग को 64 करोड़ 53 लाख 35 हजार की चपत लग चुकी है।

सबसे अधिक नुकसान अर्की मंडल को

बरसात के इस सीजन में लोक निर्माण के चारों मंडलों में अच्छा खासा नुकसान विभाग को झेलना पड़ा है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक नुकसान अर्की मंडल में हुआ है और बहरहाल सोलन मंडल में नुकसान अपेक्षाकृत कम है। सोलन मंडल की बात करें तो विभाग को एक करोड़ 78 लाख 50 हजार का नुकसान हुआ। अर्की में नुकसान का आंकड़ा 29 करोड़ 3 लाख 30 हजार तक पहुंच गया और मंडल का एक मार्ग अवरूद्ध हुआ है। उधर, नालागढ़ मंडल में नुकसान का आंकड़ा पांच करोड़ 5 लाख 10 हजार तक पहुंच गया है और इस मंडल में अभी तक पांच मार्ग अवरूद्ध हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App