डीएवी पब्लिक स्कूल में जुटाया 30 यूनिट ब्लड
एमआरए डीएवी स्कूल सोलन में आयोजित शिविर में छात्रों और स्वयंसेवियों ने लिया हिस्सा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी कुमारहट्टी-सोलन के एमएम मेडिकल कालेज एवं हॉस्पिटल के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की ओर से एमआरए डीएवी पब्लिक स्कूल सोलन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदाताओं से 30 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त जुटाने के साथ लोगों को सुरक्षित रक्तदान, रक्त आधान, रक्तजनित रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। रक्तदान से पहले सभी स्वयंसेवकों की चिकित्सकीय जांच की गई। उनका हीमोग्लोबिन परीक्षण और ब्लड ग्रुपिंग भी की गई, ताकि रक्तदान निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप सुरक्षित तरीके से हो सके।
कार्यक्रम के आयोजन में एमएम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. रवि चंद शर्मा और रजिस्ट्रार अजय सिंगल का मार्गदर्शन रहा। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा. मनप्रीत सिंह नंदा समेत अन्य अधिकारियों ने आयोजकों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डा. जेएस संधू ने स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता में रक्तदान के महत्व, ब्लड कंपोनेंट्स और उनके चिकित्सकीय उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने रक्तजनित रोगों से बचाव, रक्तदान से पहले व बाद की सावधानियों तथा सुरक्षित रक्त आधान के बारे में भी बताया। युवाओं को नशे से दूर रहने और टीबी की रोकथाम में समुदाय की भूमिका के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर में आर्य युवा समाज, एनसीसी इकाई और रोटरी क्लब सोलन सिटी का भी सहयोग रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
