तीन महीने का लंबित मानदेय जारी करने की मांग

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

तीन माह से लंबित मानदेय जारी करने की मांग, मिड डे मील वर्करों ने सौंपा ज्ञापन,मिड डे मील वर्करों को करना पड़ रहा आॢथक तंगी का सामना

निजी संवाददाता-सोलन
मिड-डे मील वर्कर यूनियन जिला सोलन, संबंधित सीटू ने बुधवार को मिड-डे मील वर्करों के पिछले तीन महीनों से लंबित मानदेय को तत्काल जारी करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश, शिमला के नाम अतिरिक्त उपायुक्त सोलन देवांशु सिंगल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने सरकार और शिक्षा विभाग से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने तथा भविष्य में हर माह समय पर मानदेय जारी करने की मांग उठाई।यूनियन ने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत मिड-डे मील वर्कर बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उसे उपलब्ध करवाने का महत्वपूर्ण कार्य पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निभा रहे हैं।

इसके बावजूद पिछले तीन महीनों से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। पहले से ही बेहद कम मानदेय पर कार्य कर रहे इन कर्मचारियों के लिए लगातार तीन माह तक भुगतान न होना गंभीर आर्थिक संकट का कारण बन रहा है। इससे उनके परिवारों का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। सीटू ने मांग की कि मिड-डे मील वर्करों के तीन माह के लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए। साथ ही भविष्य में मानदेय भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए विभागीय प्रक्रिया की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएं। यूनियन ने कहा कि लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने से वर्करों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।यूनियन ने मिड-डे मील वर्करों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने की मांग भी उठाई। इसलिए सरकार को वर्करों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मानदेय बढ़ाने पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसके बावजूद उनका मानदेय समय पर जारी न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान सरकार और प्रशासन का घेराव भी किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान किरण, सपना, संजय, माया, सरिता, कमलेश, पिंकी, कुंता, मीरा सहित अन्य मिड-डे मील वर्कर मौजूद रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App