नालागढ़ में विधायक ने किया आइटीआई का दौरा
700 रिक्त पद भरने,नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटें खत्म करने की उठाई मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नालागढ़
नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह ने गुरुवार को गवर्नमेंट मॉडल आईटीआई नालागढ़ का दौरा कर प्रशिक्षण व्यवस्था और संस्थान में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और कौशल विकास के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य आईटीआई तकनीकी कर्मचारी संगठन के राज्य महासचिव विशाल गौतम के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत कर उन्हें मांगपत्र सौंपा। संगठन ने आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू करने नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों को सब्सिडाइज्ड करने तथा विभाग में करीब 700 रिक्त पदों को भरने की मांग प्रमुखता से रखी।
इसके अलावा 31 जुलाई 2015 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने इंस्ट्रक्टर से ग्रुप इंस्ट्रक्टर पद पर पदोन्नति के लिए 100 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने और वर्ष 2022 में बेसिक ग्रेड पे में कमी से पैदा हुई वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की गई। विधायक बावा हरदीप सिंह ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुना और विभाग तथा आईटीआई से जुड़े मामलों को उचित स्तर पर उठाकर समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया।इस मौके पर संगठन के शिव कुमार जयपाल कश्मीरी लाल चौधरी संजीव कुमार रामकिशन चौधरी शशि ठाकुर परवीन कुमार और नरेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
