बस सेवा को जल्द बहाल करवाया जाए

By: Aug 20th, 2026 12:01 am

डेढ़ साल से बंद बस सेवा बहाल करने की मांग,लोगों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत खनलग का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान दयाराम भाटिया और उपप्रधान संजय चौहान के नेतृत्व में विधायक संजय अवस्थी से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत की लंबे समय से बंद पड़ी बस सेवा को दोबारा शुरू करवाने की मांग को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि शिमला से कुनिहार वाया धामी चलने वाली दोपहर की बस सेवा पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बंद है। बस सेवा बंद होने से खनलग पंचायत सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य जरूरी कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक से मांग की कि क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी बस सेवा को जल्द से जल्द बहाल करवाया जाए। विधायक संजय अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से लेते हुए बस सेवा को शीघ्र बहाल करवाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। विधायक के आश्वासन के बाद पंचायतवासियों ने उम्मीद जताई कि पिछले डेढ़ वर्ष से बंद बस सेवा जल्द ही दोबारा शुरू होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को आने जाने की सुविधा मिल सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App