बारिश से बचाने वाले रेन शेल्टर खुद बदहाली के शिकार

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

ओल्ड बस स्टैंड के पास गंदगी और जर्जर हालत से यात्री परेशान, बाइपास व सर्कुलर रोड पर भी सुविधाओं का अभाव

निजी संवाददाता-सोलन
बारिश के मौसम में यात्रियों को राहत देने के लिए बनाए गए रेन शेल्टर अब खुद बदहाली की कहानी बयां कर रहे हैं। शहर के ओल्ड बस स्टैंड के पास बने रेन शेल्टर की हालत खराब है। यहां यात्रियों के बैठने के बजाय गंदगी और अव्यवस्था का आलम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान नशेडिय़ों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान यात्रियों को सुरक्षित बैठने की सुविधा नहीं मिल पा रही। ओल्ड बस स्टैंड के पास बने रेन शेल्टर में लंबे समय से रंग-रोगन और रखरखाव नहीं हुआ है। लोहे की संरचना पर जंग लग चुका है, जबकि छत की चादरें भी खराब हैं। बारिश के दौरान छत से पानी अंदर टपकता है। गंदगी और दुर्गंध के कारण यात्री यहां बैठने से कतराते हैं।

बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बसों के इंतजार में परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा रेन शेल्टर बस स्टॉप से कुछ दूरी पर होने के कारण यात्री बस छूटने के डर से सडक़ किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं। बाईपास क्षेत्र में बने रेन शेल्टर की स्थिति भी बेहतर नहीं है। यहां बस स्टॉप का स्पष्ट बोर्ड नहीं है और बसें शेल्टर के पास नहीं रुकतीं। यात्रियों को करीब 50 मीटर दूर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। सर्कुलर रोड पर राजगढ़ और सिरमौर की ओर जाने वाली बसों के यात्रियों को भी पर्याप्त सुविधा नहीं मिल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेन शेल्टरों की सफाई, मरम्मत और रंग-रोगन करवाने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा कि रेन शेल्टरों की खराब स्थिति की जानकारी मिली है। जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और सफाई करवाने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रियों को बेहतर सुविधा देना प्राथमिकता
नगर निगम के उपमहापौर गौरव राजपूत ने कहा कि शहर के रेन शेल्टरों की खराब हालत को गंभीरता से लिया जाएगा। छत से पानी टपकने, गंदगी और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर मौके का निरीक्षण करवाया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधा देना नगर निगम की प्राथमिकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App