VVIP के विदेश दौरों पर 20 करोड़ खर्च, मानसून सत्र के दौरान भाजपा विधायकों के सवाल पर सरकार का जवाब

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

प्रदेश में वीवीआईपी के विदेश दौरों पर 20 करोड़ की राशि खर्च हुई है। जनवरी, 2023 से 31 जुलाई, 2025 तक की समयावधि के बीच यह विदेश दौरे हुए हैं। विधानसभा में भाजपा विधायक राकेश जम्वाल और रणधीर शर्मा के संयुक्त सवाल के जवाब में सीएम सुक्खू ने लिखित तौर पर यह जानकारी अपने जवाब में दी है। लिखित जवाब में बताया है कि इस अवधि में पहला दौरा दुबई का था। सीएम सुखविंदर सुक्खू, आरएस बाली, सीएम के सलाहकार सुनील बिट्टू, आईएएस भरत खेड़ा, देवेश कुमार, मानसी सहाय, रोहन चंद ठाकुर व विवेक भाटिया ने दुबई का दौरा किया था। इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सुंदर ठाकुर, आईएएस आरडी नजीम व अजय शर्मा ने स्विटजरलैंड और आस्ट्रिया का दौरा किया।

इन पर 37 लाख रुपए से अधिक का खर्च आया। इसके अलावा उद्यान विभाग के अफसरों ने 17 से 21 अप्रैल के बीच नीदरलैंड का दौरा किया और इस पर 30.37 लाख रुपए से अधिक का खर्च हुआ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, एमएलए मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य अफसरों ने आस्ट्रेलिया का दौरा किया और इस पर 25.43 लाख रुपए से अधिक का खर्च आया। विश्व बैंक पोषित बागबानी विकास परियोजना में 36 अफसरों ने सर्बिया का दौरा किया, जिस पर 97 लाख रुपए खर्च आया।

इन दौरों पर इतना खर्च

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित आशीष बुटेल व शिक्षा विभाग के अफसरों के अलावा 353 टीचर्स व 50 बच्चे सिंगापुर, कंबोडिया आदि की यात्रा पर गए। इस दौरे पर 11 करोड़ से अधिक की राशि खर्च हुई है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान समेत पांच विधायकों व अफसरों ने नवंबर 2024 में बल्क ड्रग पार्क व मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर जर्मनी, बेल्जियम, नीदरलैंड व चैक रिपब्लिक का दौरा किया। इस दौर पर 2.91 करोड़ रुपए खर्च हुए। वहीं पपशुपालन मंत्री चंद्र कुमार के अलावा दो विधायक और अफसर विदेश दौरे पर पेरिस गए और इस पर 32.58 लाख का खर्च हुआ। इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित चार कांग्रेस विधायकों व अफसरों के एक्सपोजर विजिट पर 72 लाख रुपए से अधिक का खर्च किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App