पौंग विस्थापितों की 100 शिकायतें पहुंचीं डीसी के दरबार
विस्थापितों की समस्याओं का दस्तावेज तैयार, कन्वीनर कमेटी ने डीसी को सौंपे प्रपत्र
निजी संवाददाता-राजा का तालाब
पीडि़त पौंग बांध विस्थापित कन्वीनर कमेटी एवं किसान सभा हिमाचल ने बुधवार को राहत एवं पुनर्वास उपायुक्त राजा का तालाब कुलवीर सिंह राणा को पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं से संबंधित 100 प्रपत्र सौंपे। कन्वीनर कमेटी ने प्रपत्र में विभिन्न समस्याओं के अतिरिक्त विस्थापितों के संपर्क नंबर और नए पते भी उपलब्ध करवाए हैं, जिससे भविष्य में कार्यों के निष्पादन में सुविधा होगी। इस मौके पर कमेटी ने 1188/6, मुरब्बों के मुद्दे पर भी उपायुक्त के साथ विस्तार से चर्चा की। प्रधान कन्वीनर सरदार प्रेम सिंह ने बताया कि सभी प्रपत्रों को पहले ही विभिन्न विषयों और समस्याओं के आधार पर वर्गीकृत कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कमेटी संचालक पंकज दर्शी की योजनाबद्ध प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रपत्र प्रक्रिया पूर्ण हो पाई है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रपत्र भरने का अगला कार्यक्रम नौ अगस्त (रविवार) को धमेटा में प्रोग्रेसिव इंस्टीच्यूट के तत्त्वावधान में आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम कन्वीनर कमेटी सदस्य राजीव शर्मा की देखरेख में आयोजित किया जाएगा। इस विषय को लेकर रोहित भास्कर द्वारा एक नया समूह भी बनाया गया है। बताया कि 1188/6, मुरब्बों के संबंध में आगामी रणनीति और नीति पर नौ अगस्त को धमेटा में आयोजित होने वाली पौंग सभा में विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। उपायुक्त राजा का तालाब कुलवीर सिंह राणा ने बताया कन्वीनर कमेटी के सदस्य बुधवार को आए थे। इस विषय में कमेटी ने पौंग बांध विस्थापितों की समयाओं से संबंधित प्रपत्र उन्हें सौंपे है। कहा कि जल्द ही इस विषय में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
