एसडीएम द्विज गोयल ने किया बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

By: Aug 6th, 2026 12:48 am

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उनके साथ धौलाकुआं पंचायत प्रधान मलकीत सिंह, राजस्व, लोक निर्माण और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने प्रभावित गांवों में पैदल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सडक़ों, मकानों और कृषि भूमि का मुआयना किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने पेयजल, बिजली और संपर्क मार्ग बाधित होने सहित विभिन्न समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।

द्विज गोयल ने राजस्व विभाग को नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावितों को फौरी राहत ंउपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सडक़ें और पुल प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने तथा जल शक्ति विभाग को पेयजल योजनाएं जल्द सुचारू करने के आदेश दिए। उन्होंने लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों से दूर रहने और किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App