14 कूड़ा गाडिय़ां खराब, शहर में सफाई व्यवस्था बेपटरी

By: Aug 26th, 2026 12:01 am

एक महीने में दूसरी बार आई समस्या; पिछली मरम्मत की पेमेंट न मिलने पर कंपनी ने रोकी मरम्मत, देरी से उठ रहा कूड़ा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
नगर निगम शिमला की कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ां एक बार फिर जवाब देने लगी हैं। पिछले महीने आठ गाडिय़ां खराब होने के बाद अब एक महीने के भीतर ही निगम की 14 गाडिय़ां वर्कशॉप में खड़ी हो गई हैं। इन गाडिय़ों को खराब हुए करीब पांच दिन हो चुके हैं, लेकिन इन्हें दुरुस्त करने वाली कंपनी ने काम करने से इनकार कर दिया है। इसका कारण कंपनी को पहले ठीक की गई गाडिय़ों की पेमेंट नहीं मिलना बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कंपनी को करीब एक साल से पूरी पेमेंट नहीं हुई है। ऐसे में कंपनी ने निगम की खराब गाडिय़ों की मरम्मत का काम रोक दिया है। इसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। गाडिय़ां वर्कशॉप में खड़ी होने के कारण कई क्षेत्रों से समय पर कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले महीने भी नगर निगम की आठ कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ां खराब हो गई थीं।

उस समय भी गाडिय़ों के खराब होने के कारण शहर के कई वार्डों में कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित हुई थी। अब एक महीने का समय भी पूरा नहीं हुआ है और 14 गाडिय़ों के एक साथ खराब होने से नगर निगम की कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। गाडिय़ों की कमी का असर शहर के वार्डों में साफ दिखाई दे रहा है। सफाई कर्मचारियों की ओर से घरों और अन्य स्थानों से एकत्र किया गया कूड़ा कई जगहों पर पड़ा रहता है। समय पर गाडिय़ां नहीं पहुंचने के कारण कूड़े के ढेर पर कुत्तों और बंदरों का जमावड़ा लग रहा है। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में रोजाना बड़ी मात्रा में कूड़ा निकलता है और उसे समय पर उठाना नगर निगम की सफाई व्यवस्था का अहम हिस्सा है। ऐसे में 14 गाडिय़ों के वर्कशॉप में खड़े होने से व्यवस्था प्रभावित होना स्वाभाविक है। लोगों का कहना है कि अगर गाडिय़ों की मरम्मत समय पर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है। नगर निगम की गाडिय़ों के बार-बार खराब होने और मरम्मत में देरी का मामला पहले भी सामने आता रहा है। अब कंपनी को पिछली मरम्मत का भुगतान न होने के कारण काम रोकने की बात सामने आने से निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए निगम को गाडिय़ों की मरम्मत और भुगतान से जुड़े मामलों को जल्द सुलझाना चाहिए।

निगम प्रशासन बोला, जल्द सडक़ पर उतरेंगी गाडिय़ां

इस संबंध में नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जो गाडिय़ां खराब हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा। प्रशासन की ओर से गाडिय़ों को जल्द ही दोबारा से सडक़ पर उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शहर में कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App