जमा दो की मेरिट लिस्ट में 19 और मेधावी, पुनर्मूल्यांकन-दोबारा जांच के बाद अंतिम सूची जारी, अब 95 होनहार
पुनर्मूल्यांकन और दोबारा जांच के बाद अंतिम सूची जारी, 76 के बजाय अब 95 होनहार
दिव्य हिमाचल टीम- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने मार्च, 2026 में आयोजित जमा दो की वार्षिक परीक्षा की बुधवार को अंतिम मेरिट सूची जारी कर दी है। इसमें प्रदेश भर से ओवरऑल मेरिट लिस्ट में मई में जारी रिजल्ट के तहत 76 छात्र शामिल थे, जो कि अब बढक़र 95 हो गए हैं। मेरिट लिस्ट में प्रदेश भर से 19 मेधावियों ने एंट्री पाई है। पुनर्मूल्यांकन (रिवैल्यूएशन) और पुन: जांच (री-चेकिंग) के बाद घोषित परिणामों को मुख्य वार्षिक परीक्षा परिणाम डेटाबेस में शामिल करते हुए मेरिट सूची को अंतिम रूप दिया गया है। बोर्ड की ओर से अंतिम मेरिट सूची फाइनल की गई है और इसे विद्यार्थियों व अभिभावकों के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है।
पुनर्मूल्यांकन के बाद जारी सूची में कई विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि नई मेरिट में आट्र्स, कॉमर्स और साइंस तीनों संकायों के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पुनर्मूल्यांकन के बाद पीएम श्री मॉडल स्कूल ढुंडला ऊना की मुस्कान ठाकुर ने कॉमर्स संकाय में 98.80 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष तीन में जगह बनाई है। वहीं, पीएम श्री मॉडल स्कूल बिझड़ी हमीरपुर की गौरी शर्मा ने आट्र्स संकाय में 98.80 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष तीन में एंट्री की है। इसके अलावा राजकीय मॉडल स्कूल हाटगढ़, मंडी की प्रकृति ने आर्ट्स संकाय में 98.90 प्रतिशत अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया है। मेरिट सूची में सातवें स्थान पर निहारिका शर्मा ने जगह बनाई है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर, शिमला की निहारिका ने साइंस संकाय में 98.00 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। आठवें स्थान पर ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल गनोह, कांगड़ा की रिधिमा ने आट्र्स में 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इसी स्थान पर चौकी राजकीय विद्यालय मनीयार के आदित्य चौधरी ने कॉमर्स में 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। नौवें स्थान पर राजकीय मॉडल स्कूल अंब, ऊना की भानु प्रिया, राजकीय कन्या विद्यालय नालागढ़ सोलन की कृतिका और पीएम श्री स्कूल चौपाल शिमला की जाह्नवी ने जगह बनाई है। तीनों ने आट्र्स संकाय में 97.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं, दसवें स्थान पर मॉडर्न पब्लिक कूल स्वारघाट सोलन की प्रकृति शर्मा ने साइंस संकाय में 97.40 प्रतिशत अंक के साथ मेरिट में स्थान बनाया है। उधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि जमा दो की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है।
टॉप-टेन में इनकी एंट्री
टॉप-10 मेरिट सूची में मानसी, अपूर्वा, दिव्यांशु राणा, सुजल कुमार, नैन्सी, पारुल ठाकुर, सूर्यांश ठाकुर, हर्षिता ठाकुर, मृदुल ठाकुर, सागर सुपेहिया और अपर्णा शर्मा ने भी अपनी जगह बनाई है। पुनर्मूल्यांकन के बाद इन विद्यार्थियों की मेरिट में एंट्री ने परिणामों में बदलाव की तस्वीर को सामने रखा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
