गगरेट की 25 पंचायतें हुईं टीबी मुक्त
तीन को गोल्ड और छह को सिल्वर मेडल, ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट के फार्मूले से स्वास्थ्य विभाग ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
क्षय रोग (टीबी) के उन्मूलन की दिशा में स्वास्थ्य खंड गगरेट ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत आने वाली कुल 41 पंचायतों में से 25 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए ट्रेसिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट के फार्मूले को प्रभावी ढंग से लागू कर यह लक्ष्य हासिल किया है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम सोमिल गौतम ने टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में तीन पंचायतों को गोल्ड, छह पंचायतों को सिल्वर और 16 पंचायतों को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की इस उपलब्धि को टीबी उन्मूलन अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। एसडीएम सोमिल गौतम ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2030 तक दुनिया को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। भारत में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायत स्तर पर भी यदि इसी तरह सामूहिक प्रयास जारी रहे तो देश को निर्धारित समय से पहले टीबी मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों की मेहनत की सराहना की।
इनको मिला गोल्ड और सिल्वर मेडल
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पाराशर ने बताया कि ब्रह्मपुर, जाड़ला कोईड़ी और मवा सिंधियां पंचायतों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। अभयपुर, अमलेहड़, बढ़ेड़ा राजपूता, बबेहड़, चलेट और एक अन्य पात्र पंचायत को सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।
16 पंचायतों को ब्रॉन्ज मेडल से नवाजा
अम्बोटा, भंजाल लोअर, भंजाल अपर, डगोह खुर्द, गगरेट अपर, गोंदपुर बनेहड़ा अपर, गोंदपुर बनेहड़ा लोअर, जोह, कैलाश नगर, कलोह, मरवाड़ी, मवा कहोला, नंगल जरियाला, रामनगर, सलोह बेरी समेत 16 पंचायतों को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए।
हर एक हजार की आबादी पर कम से कम 30 टेस्ट
टीबी मुक्त पंचायत घोषित करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से कार्य करते हैं। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक एक हजार की आबादी पर कम से कम 30 लोगों की टीबी जांच की जाती है। टीबी के मरीज सामने आने पर उपचार होता है।
41 में से 25 पंचायतों का लक्ष्य हासिल
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पाराशर ने बताया कि स्वास्थ्य खंड गगरेट की 41 पंचायतों में से 25 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष पंचायतों में भी टीबी की जांच, मरीजों की पहचान और उपचार प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
