रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले सांसद सुरेश कश्यप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने कसौली छावनी क्षेत्र के मार्केट बाजार के दुकानदारों से जुड़े किराया वृद्धि के महत्वपूर्ण मामले को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष उठाया है। कश्यप ने रक्षा मंत्री से मुलाकात कर दुकानदारों की समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया और इस पूरे मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए राहत प्रदान करने का आग्रह किया। सुरेश कश्यप ने केंद्रीय रक्षा मंत्री को सौंपे पत्र में बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड कसौली द्वारा दुकानों के लीज रेंट में प्रस्तावित 20 प्रतिशत वृद्धि तथा दुकानों के विस्तारित हिस्सों पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने को लेकर स्थानीय दुकानदार चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि कसौली की हेरिटेज मार्केट में हाल ही में हुई आग की घटना ने भी स्थानीय व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। इस घटना के बाद कारोबार में आई गिरावट के कारण दुकानदार पहले से आर्थिक दबाव में हैं। ऐसी परिस्थितियों में किराए में 20 प्रतिशत की प्रस्तावित वृद्धि और अतिरिक्त शुल्क की वसूली उनके लिए दोहरी मार साबित हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
