पंचायत चौकीदार की जगह भर्ती होंगे 400 एमटीडब्ल्यू

By: Aug 21st, 2026 10:51 pm
JOB In CBSE

शिमला। चौकीदारों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पंचायतों में राज्य सरकार आउटसोर्स पर 400 मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती करेगी। प्रदेश में रिक्त पड़े 566 पंचायत चौकीदारों के पदों को समाप्त कर इन्हें डाईंग कैडर घोषित करने के बाद यह व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया है। मानसून सत्र के पहले दिन विधायक सुधीर शर्मा के सवाल पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह लिखित जवाब दिया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि प्रदेश में पंचायत चौकीदार के कुल 3157 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 2591 पदों पर चौकीदार कार्यरत हैं, जबकि  रिक्त पड़े 566 पदों को समाप्त कर डाईंग कैडर घोषित किया है। सीएम ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सुरक्षा, रखरखाव एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्रभावी और सुचारू रूप से निपटाने के लिए सरकार ने वैकिल्पक व्यवस्था के तौर पर 400 बहुउद्देशीय कार्यकर्ता की नियुक्ति आउटसोर्स पर करने का निर्णय लिया है।

इस निर्णय को लेने से पहले सरकार द्वारा वित्तीय और प्रशासिनक अध्ययन किया गया। इस दौरान पाया गया कि पंचायत चौकीदारों को समाप्त करने के उपरांत एमटीडब्ल्यू नियुक्त करने से सरकार पर वित्तीय बोझ कम होगा और हर हाल 1.70 करोड़ की राशि की बचत होगी। सीएम ने बताया कि मल्टी टास्क वर्करों को ग्राम पंचायतों के विभिन्न प्रकार के अन्य कार्य भी सौंपे जा सकते हैं। इस प्रकार नई व्यवस्था वित्तीय तथा प्रशासनिक दृष्टि से उचित पाई गई है। प्रदेश में डाईंग कैडर घोषित किए गए पदों में जिला बिलासपुर 15, चंबा 66, हमीरपुर 39, कांगड़ा 140, किन्नौर व कुल्लु 27, लाहुल-स्पीति पांच, मंडी 74, शिमला 51, सिरमौर 45, सोलन 49 और ऊना के 26 पद शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App