60 फुट लंबा डगा कंडम, संकट में फंस गया सरलीं गांव

By: Aug 26th, 2026 12:01 am

लंबलू-जाहू सडक़ का पानी नहीं किया डायवर्ट; डंगा गिरने से एक परिवार का मकान जद में आया, दीवारें तक फटीं

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
ग्राम पंचायत चमनेड़ के तहत आने वाला गांव सरलीं इन दिनों संकट में आ गया है। लंबलू से जाहू के लिए निकाले जा रहे मार्ग के पानी को डायवर्ट नहीं किया गया जिस कारण बारिश का पानी गांव पर कहर बनकर बरपा है। गांव का रास्ता खड्ड में तबदील हो गया तथा मकानों की सुरक्षा के लिए लगाया गया करीब 60 फुट लंबा डंगा ध्वस्त हो गया है। डंगे से निकला मलबा एक मकान से जा टकराया जिस कारण कमरे भी जर्जर हो गए हैं। गांव के अन्य घरों को भी बरसात के पानी से खतरा बना हुआ है। मार्ग का सारा पानी गांव की तरफ पहुंच जाने से रास्ता खड्ड में तबदील होकर लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है।

ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के समक्ष भी समस्या को रख चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का डर इस बात का है कि यदि फिर जोरदार बारिश हुई तो खड्ड की तरफ बहने वाली पानी मकानों को अधिक नुकसान पहुंचा देगा। ग्रामीणों को अपने मकानों की चिंता सता रही है। इनका कहना है कि यदि कोई अनहोनी हो जाए तो फिर उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। जानकारी के मुताबिक गांव के आधा दर्जन परिवारों पर बारिश संकट बनकर बरप रही है। पहले गांव पूरी तरह से सुरक्षित था लेकिन गांव के साथ ही लंबलू से जाहू के लिए मार्ग निकाला गया है। इस मार्ग का पानी दूसरी तरह डायवर्ट नहीं किया गया है, जिस कारण बारिश होने पर सारा पानी गांव में आकर पहुंच रहा है। वर्ष 2026 में ही 60 फुट डंगा कमलेश कुमार के मकान के पास लगाया गया था। पानी के फ्लड की वजह से यह डंगा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया तथा मलबा काफी दूरी तक जाकर पहुंच गया। मलबा मकान से टकराने के बाद कमरा फट गया है जिस कारण कमलेश कुमार को काफी नुकसान हुआ है। वहीं गांव के अन्य लोगों को भी नुकसान का डर सता रहा है। इनका कहना है कि यदि पानी के बहाव को डायवर्ट नहीं किया जाता तो बरसात का पानी किसी अनहोनी को अंजाम दे सकता है।

बहुत जल्द पानी की निकासी की पाइपें डाली जा रही हैं। समस्या ध्यान में आ चुकी है तथा इसका समाधान किया जा रहा है
ई. दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता, लोनिवि, हमीरपुर


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App