फीस वृद्धि और चुनावों को लेकर एबीवीपी का सरकार पर दबाव

By: Aug 20th, 2026 12:01 am

विधायक त्रिलोक जम्वाल के दरबार पहुंची एबीवीपी, सौंपा मांगपत्र

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – बिलासपुर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के विद्यार्थियों ने जिला संयोजक देवार्य टाडू की अगुवाई में सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल को ज्ञापन सौंपकर हिमाचल प्रदेश में विश्वविद्यालयों द्वारा की गई फीस वृद्धि को तुरंत वापस लेने तथा छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में 25 से 30 प्रतिशत डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालयए नौणी में 15 से 18 प्रतिशत तथा चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में 12 से 18 प्रतिशत की गई फीस वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।

इसके साथ ही परिषद ने हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव तत्काल प्रभाव से बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। जिला संयोजक देवार्य टाडू ने कहा कि फीस में लगातार वृद्धि का सीधा प्रभाव प्रदेश के सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। परिषद ने विधायक त्रिलोक जमवाल से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की इन मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि विधानसभा के आगामी सत्र में इन विषयों पर चर्चा कर उचित समाधान निकाला जाए। देवार्य टाडू ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

छात्र एकता की गूंज

ज्ञापन देते समय विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री मनीष, शिवांश, जसप्रीत, अर्जुन, मनीषा, करण, वंशिका, आकांक्षा, पूर्णिमा, आदित्य, उपलक्ष्य व प्रियांशु आदि कार्यकर्ता साथ रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App