एबीवीपी ने सैकड़ों छात्रों के साथ निकाली आक्रोश रैली
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को सैकड़ों छात्रों के साथ आक्रोश प्रदर्शन किया। छात्रों ने परिसर में रैली निकालकर फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई। इस दौरान एबीवीपी की क्रमिक भूख हड़ताल 17वें दिन भी जारी रही। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि परिषद पहले ही प्रशासन को फीस वृद्धि वापस लेने की चेतावनी दे चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस बढऩे से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, बागवान और छोटे कर्मचारी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए संघर्ष करते हैं। ऐसे में फीस वृद्धि उच्च शिक्षा की राह में बाधा बन सकती है।
उन्होंने शिक्षा को व्यवसाय न बनाने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने हॉस्टल, लाइब्रेरी और बस सेवाओं जैसी सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के बावजूद फीस बढ़ाना विद्यार्थियों के हित में नहीं है। अक्षय ठाकुर ने छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे विश्वविद्यालय के निर्णयों में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि फीस वृद्धि वापस नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने मांगें जल्द नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की बात कही और विधानसभा तक प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
