चीनी के बाद अब प्याज ने निकाले आंसू, 60 रुपए किलो के पार पहुंचे दाम
एक सप्ताह में प्याज के भाव में तेजी, दुकानदारों ने 80 रुपए किलो तक पहुंचने की जताई आशंका
कार्यालय संवाददाता-नाहन
रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं का बजट बिगाडऩा शुरू कर दिया है। एक सप्ताह में चीनी के दाम 20 रुपये बढक़र 65 रुपए प्रति किलो पहुंचने के बाद अब प्याज के भाव भी लगातार बढ़ रहे हैं। जिला सिरमौर में शुक्रवार को प्याज के खुदरा दाम 60 रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गए। दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्याज 80 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। बताया जा रहा है कि नासिक सहित अन्य क्षेत्रों से प्याज की आवक कम होने के कारण इसके दाम में तेजी आई है।
अगस्त के दूसरे पखवाड़े में ही प्याज के भाव 60 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। महंगे प्याज का असर होटल, ढाबा और रेस्तरां कारोबार पर भी पडऩे लगा है। संचालकों ने सलाद की प्लेट में प्याज की मात्रा कम करनी शुरू कर दी है। दुकानदारों के अनुसार बरसात में सब्जियों की आवक प्रभावित होने से अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। शुक्रवार को शिमला मिर्च और फ्रांसबीन 100 रुपए किलो तक बिकी, जबकि पहाड़ी आलू 40 रुपए किलो तक पहुंच गया। खाद्य आपूर्ति नियंत्रक सिरमौर शमशेर सिंह नेगी ने कहा कि खाद्य वस्तुओं की कालाबाजारी पर निगरानी रखी जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
