रामपुर में जल्द विकसित होगा व्यवस्थित वेंडिंग जोन, नगर परिषद ने स्ट्रीट वेंडर्स को दिए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – रामपुर बुशहर
परिषद रामपुर ने शहर में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर परिषद कार्यालय में पंजीकृत सब्जी विक्रेता स्ट्रीट वेंडर्स के साथ पहली औपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विके्रताओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं से अवगत करवाना रहा। बैठक में नगर परिषद ने सभी पंजीकृत विक्रेताओं से अपील की कि वे निर्धारित स्थान की सीमा के भीतर ही अपना कारोबार संचालित करें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिरिक्त सामान फैलाने से बचें। साथ ही विक्रेताओं को स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर परिषद की व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
नगर परिषद द्वारा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वेंडिंग ज़ोन चिन्हित करने की प्रेिक्रया भी जारी है। प्रस्तावित वेंडिंग ज़ोन में विक्रेताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, छत तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित कार्य वातावरण मिल सके। परिषद ने स्पष्ट किया कि नियमों एवं स्वच्छता मानकों का लगातार उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के लिए भविष्य में नए वेंडिंग ज़ोन में स्थान आवंटन पर पुनर्विचार किया जा सकता है। परिषद के अनुसार बेहतर वेंडिंग व्यवस्था से स्ट्रीट वेंडर्स को भी सुविधाजनक स्थान मिलेगा और शहर की व्यवस्था में भी सुधार आएगा। नगर परिषद का संदेश है— व्यवस्था भी, रोजगार भी—स्वच्छ एवं सुंदर रामपुर की ओर एक और कदम।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
