सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा आठ से, हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग ने जारी किया शेड्यूल

By: Aug 22nd, 2026 12:08 am

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्रोफेसर कालेज वर्ग के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं आठ सितंबर से शुरू होकर 18 अक्तूबर तक चलेंगी। आयोग ने विभिन्न विषयों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट और विषय योग्यता परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया है। अलोक सेवा आयोग ने बताया कि यह भर्ती उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्रोफेसर कालेज वर्ग, समूह-क प्रशिक्षु के पदों के लिए विज्ञापन संख्या 33/6-2026 से 55/6-2026 के तहत की जा रही है। परीक्षा कार्यक्रम आयोग की ओर से 17 अगस्त को जारी सूचना के क्रम में जारी किया गया है।

18 अक्तूबर तक चलेगी परीक्षा प्रक्रिया

आयोग के अनुसार भौतिक विज्ञान की परीक्षा आठ सितंबर, प्राणी विज्ञान की दस सितंबर, संस्कृत की 14 सितंबर और समाजशास्त्र की 16 सितंबर को, लोक प्रशासन की परीक्षा 18 सितंबर को, भूगोल, राजनीति विज्ञान और गणित की परीक्षाएं 20 सितंबर को, वनस्पति विज्ञान और मनोविज्ञान की परीक्षा 23 सितंबर को, तबला और दर्शनशास्त्र की परीक्षा 28 सितंबर को, भू-विज्ञान, अर्थशास्त्र और संगीत-गायन की परीक्षाएं 30 सितंबर को, हिंदी की परीक्षा चार अक्तूबर को, रसायन विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और संगीत-वाद्य की परीक्षा सात अक्तूबर को, इतिहास और वाणिज्य की परीक्षा 11 अक्तूबर को, अंग्रेजी की परीक्षा 18 अक्तूबर को, नृत्य विषय की परीक्षा भी इसी परीक्षा कार्यक्रम में शामिल है।

रिन्यूअल फीस जमा करने की समयसीमा बढ़ाई

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए एडमिशन रिन्यूअल फीस जमा करने की समयसीमा संशोधित कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार एमए, एमकॉम, एमए/ एमएससी म्यूजिक, एमए एजुकेशन और एमबीए सहित अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों के दूसरे, तीसरे और चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को शुल्क जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। संशोधित शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी 31 अगस्त तक बिना किसी लेट फीस के एडमिशन फीस जमा कर सकेंगे। समय पर फीस जमा न करवाने पर 500 रुपए लेट फीस के साथ 15 सितंबर तक शुल्क जमा किया जा सकेगा। वहीं, 1000 रुपए लेट फीस के साथ 30 सितंबर तक फीस जमा करने की अनुमति होगी। इसके बाद 1500 रुपए लेट फीस के साथ फीस जमा करने के लिए कुलपति की अनुमति आवश्यक होगी। यह सुविधा परीक्षाओं के शुरू होने से 15 दिन पहले तक ही उपलब्ध रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App