करयालग में धंसी बद्धाघाट-सोहणी देवी सडक़, आवाजाही बंद, घरों को खतरा
2019 में इसी जगह, इसी महीने, इसी दिन, लैंडस्लाइड से बेघर हुए थे सात परिवार, निर्माणाधीन 132 केवी विद्युत उपकेंद्र भी खतरे की जद में
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
मूसलाधार बारिश के कारण करयालग में बधाघाट-सोहणी देवी सडक़ एक बार फिर जमीन में धंस गई है। सडक़ का बड़ा हिस्सा धंसने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर जमीन धंसने का सिलसिला नहीं थमा तो सडक़ के साथ आसपास के घरों और निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र पर भी खतरा बढ़ सकता है। बरसात के बीच सडक़ धंसने की घटना ने सात साल पुरानी घटना की याद ताजा कर दी है। वर्ष 2019 में भी इसी स्थान पर इसी महीने इसी दिन बड़ा लैंडस्लाइड हुआ था, जिसमें सात परिवार बेघर हो गए थे। यही नहीं यह सडक़ कुछ दिन पहले भी धंसने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की थी, लेकिन इसी स्थान पर यह सडक़ दोबारा धंस गई है और इस बार सडक़ का धंसाव काफी ज्यादा है। जिससे परेशानी अधिक बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2019 की घटना के बाद भी इस संवेदनशील स्थान की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। हर बरसात में जमीन खिसकने का खतरा बना रहता है। अब सडक़ दोबारा धंसने के बाद लोगों में डर है कि कहीं इस बार नुकसान का दायरा और बड़ा न हो जाए। सडक़ धंसने से स्थानीय लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का तुरंत निरीक्षण करने और सडक़ को सुरक्षित करने की मांग की है। वहीं बरसात के कारण समस्या आई।
सडक़ के नीचे बड़ा निर्माण, खतरा बढ़ा
मौजूदा समय में धंसी सडक़ के ठीक नीचे 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का काम चल रहा है। ऐसे में जमीन का धंसना केवल सडक़ तक सीमित नहीं माना जा सकता। यदि बारिश के कारण पहाड़ी का और हिस्सा खिसका तो निर्माणाधीन ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका है। साथ ही आसपास बसे परिवार भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
2019 में 7 परिवारों को छोडऩा पड़ा था घर
वर्ष 2019 में इसी स्थान पर हुए बड़े लैंडस्लाइड ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया था। भूस्खलन इतना ज्यादा था कि सात परिवार बेघर हो गए थे। लोगों को लंबे समय तक अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रही। अब उसी स्थान पर सडक़ धंसने से पुरानी घटना की यादें ताजा हो गई हैं। सडक़ धंसने के बाद वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। स्थानीय लोगों को आने.जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ का यह हिस्सा पहले से ही संवेदनशील था।
क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से करयालग में बद्धाघाट-सोहणी देवी सडक़ धंस गई है। इसके कारण सडक़ पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। मौसम खुलते ही सडक़ को ठीक कर दिया जाएगा।
अनुज पराशर,एसडीओ, लोक निर्माण विभाग
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
