बेंगलुरु के टमाटर ने बिगाड़ा सोलन के किसानों का ‘लाल’ मुनाफा

By: Aug 11th, 2026 12:01 am

समय से पहले बाहरी राज्यों से बढ़ी आवक ने गिराए लोकट रेट

निजी संवाददाता-सोलन
कभी एक क्रेट के हजार रुपए तक पहुंचा सोलन का टमाटर अब आधे दाम में सिमट गया है। अच्छी पैदावार के बावजूद किसानों को बाजार में वह भाव नहीं मिल पा रहा, जिसकी उन्हें सीजन की शुरुआत में उम्मीद थी। किसानों की कमाई के गणित को बिगाडऩे में जहां समय से पहले बेंगलुरु से पहुंची टमाटर की खेप बड़ी वजह बनी है, वहीं अब महाराष्ट्र से भी बढ़ती आवक ने स्थानीय उत्पाद के दाम पर दबाव बढ़ा दिया है। ऐसे में सोलन के टमाटर उत्पादकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष सीजन की शुरुआत में स्थानीय टमाटर के दाम काफी बेहतर रहे।

हिमसोना टमाटर करीब एक हजार रुपए प्रति क्रेट तक बिका, जबकि हाईब्रिड टमाटर के दाम 500 से 600 रुपए प्रति क्रेट तक रहे। अच्छे भाव देखकर किसानों को इस बार बेहतर आमदनी की उम्मीद जगी थी, लेकिन कुछ ही समय में बाजार का समीकरण बदल गया। व्यापारियों का कहना है कि इस बार बेंगलुरु से टमाटर की आवक समय की तुलना में करीब एक माह पहले उत्तर भारत की मंडियों में पहुंच गई। मंडी कारोबारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी कीमतों में तत्काल सुधार की संभावना कम है।

बरसात ने बढ़ाई मुश्किलें

टमाटर के गिरते दामों के बीच सोलन सब्जी मंडी में बरसात ने भी आढ़तियों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश होने पर मंडी परिसर की कई दुकानों में पानी भर जाता है। जलभराव के कारण पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आने लगता है। आढ़तियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यह समस्या सामने आती है और एपीएमसी प्रबंधन के समक्ष शिकायत भी की जाती है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। व्यापारियों और आढ़तियों ने एपीएमसी प्रबंधन से मंडी में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है।

कई कारकों से प्रभावित होते हैं दाम

मंडी समिति सोलन के चेयरमैन रोशन ठाकुर ने कहा कि टमाटर के दाम कई कारकों पर निर्भर करते हैं। इस बार बाहरी राज्यों से समय से पहले बढ़ी आवक का असर स्थानीय बाजार पर भी देखने को मिला है। मंडी समिति किसानों को बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और बाजार की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मांग और आपूर्ति के संतुलन के अनुसार आने वाले समय में टमाटर के दाम में सुधार की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App