बीजेपी ने जेन-जी से जुड़ने के लिए टीम बनाई; नितिन नवीन, स्मृति-तावड़े शामिल
उच्चस्तरीय केंद्रीय दल में नितिन नवीन, स्मृति-तावड़े शामिल
भाजपा की बैठक में वंदे मातरम् के सम्मान में प्रस्ताव पास
कांग्रेस के ‘दो पदों’ वाले फैसले की निंदा, देशव्यापी अभियान का ऐलान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ शनिवार को पहली बैठक की, जिसमें चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को लेकर चर्चा की गई। भाजपा ने देश के युवाओं और जनरेशन जेड (जेन ज़ी) के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने के लिए एक उच्चस्तरीय केंद्रीय टीम का गठन किया है। इस विशेष आउटरीच अभियान का नेतृत्व करने के लिए गठित टीम में संगठनात्मक अनुभव और युवा नेतृत्व का समावेश किया गया है। इस टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े भी शामिल हैं।
वहीं, गुजरात सरकार में मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री ओपी चौधरी को भी इसमें शामिल किया गया है। इस कार्यक्रम का मकसद युवा मतदाताओं और पहली बार वोट डालने वाले नागरिकों के साथ संवाद, परिचर्चा और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीधा संपर्क बनाना है। इसके जरिए भाजरा रोजगार, तकनीक, स्टार्ट-अप और शिक्षा जैसे मुद्दों पर युवाओं के विचारों को अपने एजेंडे में शामिल करना चाहती है। साथ ही नए और युवा मतदाताओं के बीच पार्टी की पहुंच को मजबूत करने का भी लक्ष्य है। वहीं इसी बैठक में वंदे मातरम के सम्मन में कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया। इस प्रस्ताव के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा हाल ही में लिए गए उस फैसले की कड़ी आलोचना की है, जिसमें राष्ट्रीय गीत के केवल पहले दो पैरा गाने की बात कही गई थी। पार्टी ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान से राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए समझौता नहीं होगा। भाजपा इसकी विरासत को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
