हमीरपुर में भाजपा की तिरंगा यात्रा
बीडीसी चेयरमैन चयन, लंबलू में तहसीलदार की मांग पर डीसी को सौंपा ज्ञापन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
जिला की चार विधानसभा क्षेत्रों में बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति न होने तथा लंबलू उपतहसील में दो माह से तहसीलदार का पद रिक्त रहने के विरोध में सोमवार को हमीरपुर मंडल भाजपा ने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में तिरंगा यात्रा निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने कहा कि 31 मई तक बीडीसी चुनाव संपन्न हो चुके थे, लेकिन अभी तक केवल भोरंज में ही चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुने गए हैं। अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्तियां लंबित हैं।
आरोप लगाया गया कि पहले पंचायती राज चुनावों को भी जानबूझ कर देरी से करवाया गया। अब बीडीसी चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की नियुक्ति नहीं की जा रही है। पार्टी ने सरकार से जल्द नियुक्तियां करने की मांग की। विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि चार विधानसभा क्षेत्रों में बीडीसी के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की नियुक्ति नहीं की जा रही है। प्रदेश सरकार जानबूझ कर ऐसा कर रही है। लंबलू से राजनीति द्वेष भावना से तहसीलदार व पटवारी का तबादला किया गया था। दो महीने से तहसीलदार का पद रिक्त है जिस वजह से लोगों को राजस्व संबंधित कार्य करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार से जल्द समस्या के समाधान की मांग उठाई गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
