बढ़ी फीस के खिलाफ ‘कैंपस वॉर’, एबीवीपी-एसएफआई गुस्सा

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

एचपीयू में पुलिस ने रोका तो भिड़े छात्र, जोरदार नारेबाजी से गरमाया माहौल

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार को छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। एबीवीपी और एसएफआई की विश्वविद्यालय इकाइयों ने अलग-अलग प्रदर्शन और रैलियां निकालकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। इस दौरान दोनों छात्र संगठनों ने फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई।

फीस वृद्धि और भर्ती प्रक्रिया के विरोध में एसएफआई की महारैली बुधवार को वीसी कार्यालय पहुंचते ही प्रदर्शन में बदल गई। बॉयज हॉस्टल से निकली रैली समरहिल चौक होते हुए वीसी कार्यालय पहुंचकर धरना शुरू किया। प्रदर्शन के बीच वीसी कार्यालय में प्रवेश रोक दिया गया। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यकर्ताओं ने परिसर में घुसने की कोशिश की और पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास करती रही। इसी बची एसएफआई कार्यकर्ताओं और पुलिस में जमकर धक्कामुक्की हुई। इसके बाद दोपहर के समय एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर फीस वृद्धि के विरोध में विश्वविद्यालय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान वीसी कार्यालय में प्रवेश को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच धक्का मुक्की हुई। इससे काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App