तमिलनाडु में अब कार पर तकरार, सीएम विजय की फ्री स्कीम पर डीएमके का भारी कर्ज वाला दांव

By: Aug 22nd, 2026 12:07 am

एजेंसियां— चेन्नई

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने घोषणा की है कि राज्य के सभी 234 विधायकों को मुफ्त सरकारी गाडिय़ां दी जाएंगी, लेकिन उनके इस ऐलान पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सियासी तकरार शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के ताजा ऐलान के दो दिन बाद यानी शुक्रवार को मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके ने राज्य पर बढ़ते कर्ज का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी डीएमके के सभी 59 विधायकों ने इस ऑफर को ठुकराने का फैसला किया है। उदयनिधि ने कहा कि चूंकि टीवीके सरकार सत्ता में आने के पहले दिन से ही कह रही है कि सरकार पर कर्ज है, इसलिए डीएमके के सभी 59 विधायकों ने इस ऑफर का फायदा न उठाने का फैसला किया है।

हम सरकार से आग्रह करते हैं कि विधायकों को मुफ्त कारें तभी दी जाएं, जब उनके चुनावी हलफनामों की जांच कर ली जाए कि क्या उनके पास पहले से कारें हैं या नहीं और उनकी आर्थिक स्थिति क्या है? उन्होंने टीवीके के मुफ्त उपहारों के विरोध वाले रुख पर भी तंज कसा। डीएमके नेता ने कहा कि टीवीके ने कहा था कि वे मुफ्त सुविधाओं के खिलाफ हैं और लगातार कहते रहे हैं कि सरकार कर्ज में है, इसलिए हमने सरकार पर कर्ज का बोझ कम करने के लिए इस पेशकश को स्वीकार न करने का फैसला किया है। सरकार की तरफ से मंत्री आधाव अर्जुना ने इस योजना का जोरदार बचाव किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App