बच्चों ने स्पीकर से पूछे संसदीय प्रणाली से जुड़े सवाल
संजौली और करियाली स्कूल के छात्रों ने विधानसभा में जाना सदन का कामकाज
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संजौली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करियाली के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय का दौरा किया। विधानसभा पहुंचकर विद्यार्थियों ने अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से शिष्टाचार भेंट की और संसदीय व्यवस्था को लेकर कई सवाल पूछे। इस दौरान बच्चों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष से संसदीय प्रणाली, सदन के कामकाज और स्पीकर के चुनाव से जुड़े सवाल किए। पठानिया ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सिलसिलेवार जवाब देते हुए बताया कि भारत की संसदीय व्यवस्था संघीय ढांचे पर आधारित है, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों शामिल हैं। देश में बहुदलीय प्रणाली के तहत राजनीतिक दल चुनाव लड़ते हैं और जनता मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है।
पठानिया ने बिताया कि हिमाचल विधानसभा में 68 सीटें हैं। जिस दल को 35 या इससे अधिक सीटें हासिल होती हैं, वह सरकार का गठन करता है। इसके बाद मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल बनाया जाता है। मुख्यमंत्री सरकार का मुखिया होता है, जबकि राज्यपाल मंत्रिपरिषद की सलाह के अनुसार कार्य करते हैं। इस दौरान पठानिया ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया भी बच्चों को समझाई। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के इतिहास से जुड़े प्रश्न भी पूछे। बच्चों ने उत्साह के साथ जवाब देने का प्रयास किया। पठानिया ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
