गेयटी में बाल साहित्य महोत्सव की गूंज

By: Aug 22nd, 2026 12:02 am

कविता प्रतियोगिता और कहानी लेखन कार्यशाला में 400 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
भाषा एवं संस्कृति विभाग और कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट, शिमला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मीमांसा-बाल साहित्य महोत्सव का शुक्रवार को ऐतिहासिक गेयटी परिसर में उत्साहपूर्ण समापन हुआ। तीन दिनों तक चले महोत्सव में स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने साहित्य, कहानी, कविता, कला और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। अंतिम दिन कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में लेखिका एवं कवयित्री कल्पना गंगटा, वरिष्ठ हिंदी लेखिका एवं कहानीकार मृदुला श्रीवास्तव और कलाकार एवं कहानीकार सीताराम शर्मा शामिल रहे।

इसके बाद प्रो. अतुल खोसला के साथ कहानी लेखन कार्यशाला आयोजित हुई, जिसका संचालन लेखिका रितांजलि हास्तिर ने किया। प्रो. खोसला ने बच्चों को रोजमर्रा की घटनाओं और अनुभवों को जिज्ञासा की नजर से देखने तथा उनमें से कहानियां तलाशने के लिए प्रेरित किया। महोत्सव के अंतिम दिन पुस्तक चर्चाएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। अनिरबान भट्टाचार्य की पुस्तक द सिनिस्टर हॉलिडे पर चर्चा में शिमला के लेखक सुमित राज ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई, जबकि युवा पाठकों मोक्षिका, शौर्य शर्मा और कृतिका ने संवाद में हिस्सा लिया। लेखक के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण उपस्थित न हो पाने पर उनके पिता एवं लेखक प्रोबल जे. भट्टाचार्य ने उनका प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद लेखक लोकेश ठाकुर की पुस्तक पर जसलीन गुलाटी के संचालन में चर्चा हुई। इसमें युवा पाठकों स्नेहा हरनोट, ईशा ठाकुर और तरुण शर्मा ने शिक्षा, रिश्तों, युवाओं और समकालीन जीवन से जुड़े विषयों पर लेखक से संवाद किया। समापन से पहले मुख्य अतिथि नलिनी रामचंद्रन ने युवा पाठक प्रिथा डोगर के साथ अपनी पुस्तक पर संवाद किया।

प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया सम्मानित

महोत्सव के समापन अवसर पर तीन दिनों के दौरान आयोजित विभिन्न साहित्यिक, कलात्मक और भाषा आधारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में मोनाल पब्लिक स्कूल के आर्विक श्याम ने पहला, निहारिका ने दूसरा, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल के प्रियांश भारद्वाज ने तीसरा और सरस्वती पैराडाइज पब्लिक स्कूल की सानवी ने चौथा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में लोरेटो कॉन्वेंट ताराहॉल की अराध्या ने पहला, सेक्रेड हार्ट के आराव शर्मा और लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल के आर्या ने दूसरा, सेक्रेड हार्ट स्कूल की निवृत्ति ने तीसरा और ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयस के वर्चस्व ने चौथा स्थान हासिल किया। दसवी से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों में आर्यन पब्लिक स्कूल सुन्नी के सूर्या ने पहला, संभोटा तिब्बती स्कूल की मारियान ने दूसरा और ऑकलैंड हाउस स्कूल की मानवी और सानवी ने तीसरा स्थान अपने नाम किया। कालेज के विद्यार्थियों में सेंट बीड्स कालेज की श्रेया वर्मा ने पहला, संजौली कॉलेज के दिव्यांश ने दूसरा, सेंट बीड्स कॉलेज की नूपुर ने तीसरा और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सुंदरनगर की योगिता ने चौथा स्थान हासिल किया। बुक-टू-स्क्रिप्ट प्रतियोगिता में मोनाल पब्लिक स्कूल के रितिक श्याम ने पहला, सेंट एडवड्र्स के अधिराज सिंघा ने दूसरा, ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज के अरहान रोहटा ने तीसरा और सरस्वती पैराडाइस स्कूल की रक्षिता मेहता ने चौथा स्थान हासिल किया। शब्दावली प्रतियोगिता में ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयस के आर्यवंश राज ने पहला, चेप्सली स्कूल की मानसी गौतम ने दूसरा और मोनाल पब्लिक स्कूल के आदित्य ठाकुर ने तीसरा और सरस्वती पैराडाइस स्कूल की कृतिका ने चौथा स्थान हासिल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App