करनाल में पुलिस और सफाई कर्मियों में झड़प, हिरासत में लिए 20 प्रदर्शनकारी

By: Aug 30th, 2026 12:01 am

विरोध कर रहे मुलाजिमों को हटाने पर बढ़ा विवाद, पुलिस कर्मियों पर फेंका कूड़ा

निजी संवाददाता- करनाल

करनाल के कैथल रोड स्थित पुल के नीचे जमा कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की टीम और हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के बीच शनिवार दोपहर एक बजे बड़ा विवाद हो गया। कूड़ा उठाने का विरोध कर रहे कर्मचारियों को हटाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का विरोध करते हुए मौके से कचरा उठाकर पुलिसकर्मियों की ओर फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। कार्रवाई के दौरान कई महिला और पुरुष सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट होने का आरोप है। पुलिस ने करीब 20 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। हुआ यूं कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं और कैथल रोड पुल के नीचे भी कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुल के नीचे काफी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया था।

निगम अधिकारियों को कूड़ा उठाने की सूचना मिलने के बाद जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने निगम की इस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और कूड़ा उठाने से रोकने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को रास्ते से हटने और निगम की टीम को कूड़ा उठाने देने के लिए कहा। कर्मचारियों ने इसका विरोध जारी रखा। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का विरोध करते हुए कूड़ा उठाकर पुलिसकर्मियों की तरफ फेंकना शुरू कर दिया। वहीं, कार्रवाई के दौरान कई महिला और पुरुष सफाई कर्मचारियों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप सामने आए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें समझाने के बजाय बल प्रयोग किया और महिला कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई। कार्रवाई के दौरान कई कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को पुलिस अपने साथ ले गई। वहीं, निगम की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच पुल के नीचे जमा कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App