सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चौपाल को दी करोड़ों की राशि
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के लिए 27 करोड़ की राशि जारी की है। यह राशि विभिन्न परियोजनाओं के लिए जारी की गई है। लिहाजा इस राशि से क्षेत्र में विकास कार्यो को भी एक नई दिशा मिलेगी। बहरहाल क्षेत्र के लिए राशि जारी करने पर नेताओं ने सीएम सुक्खू का आभार जताया है। दरअसल हाल ही में चौपाल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता रजनीश किमटा, सुरेंद्र शर्मा तथा चंद्रमोहन समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की थी। इस दौरान इन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए समुचित धनराशि मुहैया करवाने की मांग प्रमुखता के साथ उठाई थी। उन्होंने आग्रह किया था कि जल्द राशि को जारी किया जाए।
उधर, चौपाल विस क्षेत्र के नेताओं व कार्यकर्ताओं के आग्रह पर सोमवार को सीएम सुक्खू ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए राशि जारी की है। जिसमें नेरवा और कुपवी में संयुक्त कार्यालय भवन के लिए दो-दो करोड़ तथा संयुक्त कार्यालय भवन चौपाल के लिए तीन करोड़ की राशि मंजूर की है। इसी तरह दुग्ध अभिशीतन संयंत्र नेरवा के लिए दो करोड़, नेरवा बाईपास के लिए चार करोड़, लखावटी पुल के लिए 12 करोड़ तथा छवाला-चौपाल जलापूर्ति योजना के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए। उधर, चौपाल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता रजनीश किमटा, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा तथा चौपाल नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन ने चौपाल क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं को समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। लोग इन परियोजनाओं का लाभ उठाकर धन एवं समय में बचत कर पाएंगे तथा उनका रहन-सहन सुगम होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
