गुलाब जामुन की चाशनी में निकले कॉकरोच

By: Aug 26th, 2026 12:02 am

त्योहारी सीजन में सख्ती; खाद्य सुरक्षा विभाग ने बालूगंज में मारा छापा, 2 क्विंटल मिठाइयां की नष्ट, सात नमूने जांच के लिए भेजे

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
त्योहारी सीजन शुरू होते ही खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने बालूगंज बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मिठाई की दुकान में गुलाब जामुन की चाशनी में कॉकरोच पाए जाने से हडक़ंप मच गया। खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त करीब दो क्विंटल मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। सहायक आयुक्त डॉ. विजया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की टीम ने बालूगंज बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कमियां सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। एक मिठाई प्रतिष्ठान में गुलाब जामुन की चाशनी में कॉकरोच पाए गए। इसके बाद वहां रखी करीब दो क्विंटल मिठाइयों को खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त मानते हुए प्रतिष्ठान संचालक ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए कुल सात नमूने भी लिए। इनमें रंगीन रसगुल्ला, बर्फी, मिल्क केक, घी और अन्य मिठाइयों के नमूने शामिल हैं।

सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को विशेष रूप से चेतावनी दी कि मिठाइयों में केवल अनुमत खाद्य रंगों का ही निर्धारित सीमा के भीतर इस्तेमाल किया जाए। किसी भी अनधिकृत या हानिकारक रंग का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने साफ किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने का अभियान लगातार जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App