वंदे मातरम् के शुरुआती दो पैरा ही गाएगी कांग्रेस, सीडब्ल्यूसी में पार्टी ने साफ किया रुख

By: Aug 20th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने वंदे मातरम् को लेकर पार्टी के दशकों पुराने रुख की पुष्टि करते हुए फैसला किया है कि कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत के केवल पहले दो छंद ही गाए जाएंगे। यह निर्णय उस समय लिया गया है, जब वंदे मातरम् के पूर्ण या आंशिक संस्करण को लेकर नया राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है। बुधवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। कई नेताओं ने 1937 में अपनाए गए पार्टी के रुख को दोहराया। कांग्रेस का कहना है कि उसका यह फैसला अक्तूबर 1937 में राष्ट्रीय परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव पर आधारित है। उस समय पार्टी ने स्पष्ट रूप से तय किया था कि राष्ट्रीय और सार्वजनिक सभाओं में वंदे मातरम् के केवल पहले दो छंद ही गाए जाने चाहिए। बैठक के बाद हुई पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह जानकारी दी।

इसके अलावा आगामी परिसीमन प्रक्रिया पर रुख साफ करते हुए कांग्रेस ने कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है। पार्टी की मांग है कि लोकसभा में कुल सीटों की संख्या 543 पर ही फ्रीज रखी जानी चाहिए। कार्यसमिति की बैठक में चार राष्ट्रीय विषयों पर आगे का रोडमैप तैयार किया गया। नीट और दूसरी परीक्षाओं में धांधली को लेकर छात्रों के आंदोलन पर सरकार के रुख की निंदा की गई। संसद में सरकार को घेरने के बाद अब पार्टी देश के 800 से ज्यादा शहरों में छात्रों की गूंज अभियान चलाएगी। राम मंदिर में आर्थिक गड़बडिय़ों और चंदा चोरी के मामले पर पार्टी बूथ और जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाएगी। अरुणाचल प्रदेश में चीनी गतिविधियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया। इसके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से राज्य स्तरीय शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस योजना मांगी गई है। बैठक में कांग्रेस शासित चार राज्यों के मुख्यमंत्रियोंं सहित 33 राज्यों के पार्टी नेता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App