राहुल के छह घंटे तक धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, पैलेट गन से प्रदर्शनकारी छात्र की आंख खराब होने का आरोप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के छह घंटे के धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्र साहिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली। साहिल का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख की रोशनी चली गई है। दिल्ली पुलिस ने छह घंटे तक चले ड्रामें के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज करवाने तक राहुल संसद मार्ग थाने के बाहर ही बैठे रहे और एफआईआर के बाद छात्र के साथ थाने से निकले। राहुल शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे से थाने पहुंचे थे। जब राहुल की मांग नहीं मानी गई, तो वह डीसीपी से मिले। बातचीत का नतीजा न निकलने पर वह धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, यहां से हटूंगा नहीं। राहुल ने साहिल को लगे छर्रे दिखाकर कहा था कि ये छर्रे सबूत हैं, साहिल के शरीर से निकले हैं।
अगर पुलिस ने गन नहीं चलाई, तो किसने चलाई। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी मौजूद थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद राहुल ने कहा कि जब दिल्ली में इतने घंटे धरना देना पड़ा, तो देश के बाकी हिस्सों में छात्रों और रेप पीडि़तों का क्या हाल होगा। राहुल गांधी ने थाने से निकलते समय मीडिया से बात की। उन्होंने पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि ऊपर से न्याय में रुकावट डाली जा रही थी। राहुल ने कहा कि यह न्याय की दिशा में पहला कदम है। मामला दर्ज हो गया है। उसे गोली लगे हुए एक महीना हो गया है। पैलेट अभी भी उसके शरीर में फंसे हुए हैं। तीन उसकी आंख में हैं, और वह उससे देख नहीं पा रहा है। तीन या चार उसके दिल के पास हैं। इस युवक के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। उधर, भाजपा ने राहुल के धरने पर कहा कि वह मीडियाजीवी हैं। जंतर-मंतर प्रदर्शन का मामला सुप्रीम कोर्ट में है और जांच कमेटी भी बना दी गई है। भाजपा महासचिव स्मृति ने कहा कि सुरक्षाबलों पर भी हमला हुआ था, उनके लिए राहुल नहीं बोले।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
